पंजाब डेस्क: नए साल के पहले ही दिन पंजाब में मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में घना कोहरा, हल्की से मध्यम बारिश और सर्द हवाओं के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने मौजूदा हालात को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और सतर्क रहने की अपील की है।
हालांकि न्यूनतम और अधिकतम तापमान में मामूली 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बरकरार है। गुरदासपुर 5.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया। पटियाला में सुबह करीब 6:20 बजे से बारिश शुरू हुई, जिससे ठंड और बढ़ गई।
विज़िबिलिटी शून्य, ट्रैफिक पर असर
घने कोहरे का असर हवाई और रेल सेवाओं पर भी साफ देखा गया। अमृतसर और चंडीगढ़ में विज़िबिलिटी शून्य दर्ज की गई, जबकि लुधियाना में यह मात्र 10 मीटर और पटियाला में 20 मीटर रही। हलवारा, गुरदासपुर, पठानकोट, बठिंडा और बल्लोवाल सौंकरी जैसे इलाकों में भी दृश्यता बेहद कम रही, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
पश्चिमी विक्षोभ बना मौसम बदलाव की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और मध्य वायुमंडल में बनी लंबी विंड बेल्ट के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। दक्षिण पंजाब और आसपास के इलाकों में ऊपरी स्तर पर तेज हवाएं चल रही हैं, वहीं उत्तर हरियाणा क्षेत्र में भी ऊपरी हवा का प्रभाव देखा जा रहा है।
इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना
आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, मानसा और लुधियाना में कई स्थानों पर अत्यंत घना कोहरा छाया रह सकता है। कुछ जिलों में ठंडे दिन की स्थिति भी बनी रह सकती है।
अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है। इसके बाद अगले तीन दिनों में फिर तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
2 जनवरी
राज्य के कई जिलों में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में शीतलहर भी चल सकती है। मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है।
3 जनवरी
घने से बहुत घने कोहरे के साथ-साथ कई जिलों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर जारी रहेगा। दिन और रात दोनों समय ठंड बढ़ सकती है।
4 जनवरी
कई जिलों में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन दृश्यता कम रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: नए साल पर पेट्रोल-डीजल हुआ सस्ता, इन शहरो में घटे दाम, जानें लेटेस्ट रेट
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। घने कोहरे और ठंड को देखते हुए वाहन चलाते समय सतर्कता और गर्म कपड़ों के इस्तेमाल की अपील की गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...