Punjab Weather Update 25 Feb: पंजाब में इन दिनों दिन के समय तेज धूप निकल रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम शुष्क बना हुआ है और अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया है। बठिंडा में सबसे अधिक 29.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 मार्च तक प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम सूखा बना रहेगा।
कोहरे से तीन जिलों में दिक्कत
हालांकि दिन में धूप खिल रही है, लेकिन सुबह के समय कई क्षेत्रों में कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। IMD के अनुसार मालवा, दोआबा और माझा क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। मंगलवार को अमृतसर, पटियाला और आदमपुर में घने कोहरे की स्थिति दर्ज की गई। अमृतसर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि पटियाला में विजिबिलिटी महज 20 मीटर रही। कम दृश्यता के कारण सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
ये भी पढ़ें :
कई जिलों में बारिश की भारी कमी
1 जनवरी से अब तक हुई वर्षा के आंकड़ों में भी बड़ा अंतर देखने को मिला है। फतेहगढ़ साहिब में सामान्य से 86 प्रतिशत और गुरदासपुर में 39 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। इसके विपरीत मुक्तसर (-89%), फाजिल्का (-87%) और फिरोजपुर (-86%) में सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है।
चिंता की बात यह है कि फरवरी महीने में पूरे राज्य में औसत से 97 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। अमृतसर, तरनतारन और जालंधर जैसे प्रमुख जिलों में इस महीने अब तक बारिश नहीं हुई है। कुल मिलाकर प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से लगभग 19 प्रतिशत कम रही है।
तापमान में और बढ़ोतरी संभव
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
ये भी पढ़ें :

