Punjab Weather Update: पंजाब में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बता दें कि गुरुवार सुबह जालंधर समेत कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं, चंडीगढ़ में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
तापमान में हुई बढ़ोतरी
बारिश के बावजूद पंजाब में अधिकतम तापमान में करीब 2.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक गर्मी बठिंडा में रही, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इससे पहले 5 अगस्त को पंजाब के कई जिलों में बारिश हुई थी। बरनाला में सबसे ज्यादा 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अमृतसर में 6 मिमी, गुरदासपुर में 2 मिमी, जबकि फतेहगढ़ साहिब और लुधियाना में करीब 1.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पठानकोट में बहुत हल्की बारिश हुई।
ये भी पढ़ें :
बढ़ी बिजली की मांग
गर्मी और उमस बढ़ने के कारण पंजाब में बिजली की खपत भी बढ़ गई है। राज्य में बिजली की मांग 14,603 मेगावाट तक पहुंच गई। इसमें पंजाब ने करीब 4,683 मेगावाट बिजली खुद पैदा की, जबकि बाकी जरूरत केंद्रीय ग्रिड से पूरी की गई। राज्य को केंद्र से लगभग 9,921 मेगावाट बिजली मिली, जो तय हिस्से से करीब 497 मेगावाट कम रही।
बांधों की स्थिति सामान्य
राज्य के प्रमुख बांधों में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। भाखड़ा बांध में पानी का स्तर खतरे के निशान से काफी नीचे बना हुआ है। बांध में पानी की आवक और निकासी लगातार निगरानी में है। वहीं, पोंग बांध का जलस्तर भी खतरे के निशान से नीचे है। अधिकारियों के अनुसार बांधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहां के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर ध्यान देने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें :

