Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather: पंजाब में फिर बरसेंगे बादल! चंडीगढ़ में छाए रहेंगे बादल, 18 अगस्त को कई जिलों में होगी तेज बारिश

August 16, 2026

Punjab Weather: पंजाब में फिर बरसेंगे बादल! चंडीगढ़ में छाए रहेंगे बादल, 18 अगस्त को कई जिलों में होगी तेज बारिश

Punjab Weather News: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। बता दें कि आज राज्य के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। वहीं, चंडीगढ़ में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।

शनिवार के मुकाबले पंजाब के अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। तापमान में करीब 0.3 डिग्री की कमी आई और यह सामान्य के आसपास रहा। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।इसके अलावा फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।

18 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान

चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार, मानसून की ट्रफ पंजाब के फिरोजपुर से होकर गुजर रही है। साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन दोनों का असर पंजाब के हर इलाके में एक जैसा नहीं है। इसी वजह से कुछ जगहों पर बारिश हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में बादल छाने के बाद मौसम साफ हो रहा है। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को पंजाब के कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई है।

भाखड़ा और पोंग बांध में स्थिति सामान्य

बीबीएमबी के आंकड़ों के मुताबिक, 15 अगस्त को भाखड़ा बांध में 46,990 क्यूसेक पानी की आवक हुई, जबकि 26,158 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बांध का जलस्तर 1,620.88 फीट दर्ज किया गया, जो 1,680 फीट के अधिकतम जलस्तर से करीब 59 फीट नीचे है।

पोंग डैम में 15,817 क्यूसेक पानी पहुंच रहा था और 29,119 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। यहां जलस्तर 1,353.67 फीट रहा, जो 1,390 फीट के अधिकतम स्तर से करीब 36 फीट कम है। फिलहाल भाखड़ा और पोंग दोनों बांधों का जलस्तर उनकी अधिकतम सीमा से नीचे बना हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें