Punjab Weather Update: चंडीगढ़: पंजाब में मानसून ने इस बार समय से पहले दस्तक देकर राहत तो दी है, लेकिन साथ ही चुनौतियां भी लेकर आया है। मौसम विभाग ने राज्य में 29 जून से 1 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला जुलाई के पहले सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है, जिससे कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
शनिवार को फिरोजपुर में 54.5 मिमी, मोगा में 32 मिमी और पठानकोट में 7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, वहीं कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में औसतन 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत मिली है।
-मानसून ने समय से पहले दी दस्तक
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस बार मानसून पंजाब में सामान्य से पांच दिन पहले आ गया, और जून माह में अब तक 54.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत 46.2 मिमी से करीब 19% अधिक है। यदि इसी तरह बारिश जारी रही, तो यह कृषि कार्यों और जल भंडारण के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है।
-इन जिलों में सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने संगरूर और पटियाला में ऑरेंज अलर्ट, जबकि मानसा, लुधियाना, मोहाली, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, बरनाला, पठानकोट और होशियारपुर में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 से 30 जून के बीच कुछ इलाकों में 12 सेमी या उससे अधिक बारिश हो सकती है, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
-बढ़ रहे हैं बांधों के जलस्तर
बारिश का सीधा असर राज्य के बांधों पर भी देखने को मिला है।
पौंग डैम का जलस्तर अब 1295.53 फीट पहुंच चुका है।
पंडोह डैम में जलस्तर 2922.17 फीट दर्ज हुआ है, जहां से पानी का प्रवाह लगातार बढ़ रहा है।
भाखड़ा डैम का जलस्तर अब 1567.62 फीट है, और इसमें भी अच्छी बढ़त देखी जा रही है।
वहीं, रणजीत सागर डैम का जलस्तर 505.42 मीटर है और इसमें भी पानी की आवक जारी है।
क्या कहता है मौसम विभाग?
आईएमडी ने आगामी दिनों में बारिश की रफ्तार तेज रहने का अनुमान जताया है। 30 जून और 1 जुलाई को पूरे राज्य में बारिश फैलने की संभावना है। विभाग ने विशेषकर किसानों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...