Punjab Weather Update : पंजाब में फिलहाल गर्मी का असर लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 13 मार्च तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है और इस दौरान बारिश के कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं। पिछले 24 घंटों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद यह सामान्य से लगभग 5.9 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
फरीदकोट में सबसे अधिक तापमान का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी रह सकता है। फरीदकोट में अधिकतम तापमान लगभग 33°C तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं बठिंडा में न्यूनतम तापमान 14.0°C दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और दोपहर के समय धूप से बचने की सलाह दी गई है।
मार्च की शुरुआत में नहीं हुई बारिश
मार्च महीने की शुरुआत में राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई है। सभी मौसम केंद्रों पर 0.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। लगातार सूखे मौसम के कारण दिन के तापमान में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है।
चंडीगढ़ समेत कई शहरों में गर्मी का असर
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.7°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.4°C अधिक है। इसके अलावा लुधियाना में 32.6°C और अमृतसर में 31.4°C तापमान दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का प्रभाव बढ़ने लगा है।
पुराना वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हुआ कमजोर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का पुराना सिस्टम कमजोर पड़कर आगे निकल चुका है। वहीं राजस्थान के ऊपर बना हवा का चक्रवात अब हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों तक सक्रिय हो गया है। इसके साथ ही ऊपरी वायुमंडल में तेज पश्चिमी हवाएं भी मौसम को प्रभावित कर रही हैं।
9 मार्च से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि 9 मार्च के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। आसमान में बादल बढ़ने और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें:
अगले पांच दिनों में तापमान और बढ़ेगा
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...