Punjab Weather Update : पंजाब में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश इस समय तीव्र शीतलहर और घने कोहरे की गिरफ्त में है। मौसम विभाग ने 5 और 6 जनवरी के लिए कोहरा, कोल्ड डे और शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि ये हालात 9 जनवरी तक बने रह सकते हैं, जिससे दिन और रात दोनों समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
48 घंटे में और गिरेगा पारा
बीते 24 घंटों में पंजाब के औसत तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री नीचे चल रहा है। होशियारपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अमृतसर में पूरे दिन धूप नहीं निकलने के कारण कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। आने वाले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री और गिरावट की संभावना जताई गई है।
कोहरे ने रोकी रफ्तार, दृश्यता बेहद कम
रविवार को पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कुछ स्थानों पर हालात इतने खराब रहे कि सूरज तक नजर नहीं आया। अमृतसर में दृश्यता शून्य मीटर, बल्लोवाल में 50 मीटर और गुरदासपुर में करीब 200 मीटर दर्ज की गई। कोहरे के कारण सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
18 जिलों में बेहद घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली और मलेरकोटला में बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।
इसके अलावा पठानकोट, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा में भी कई जगह घना कोहरा देखने को मिल सकता है। कई जिलों में शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने की चेतावनी भी जारी की गई है।
फिलहाल राहत के आसार नहीं
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल सिंह के अनुसार, अगले 7 से 8 दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ऊंचाई पर बह रही तेज पश्चिमी हवाएं ठंड को और बढ़ा रही हैं। धूप नहीं निकलने से दिन के तापमान में भी खास बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है।
अमृतसर, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री कम बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: असम में सुबह-सुबह भूकंप के झटकों से कांपी धरती, डरे सहमे घरों से बाहर निकले लोग
6 और 7 जनवरी का पूर्वानुमान
6 जनवरी को राज्य के कई जिलों में बहुत घना कोहरा और शीतलहर जारी रहने की संभावना है, जबकि 7 जनवरी को भी अधिकतर जिलों में कोहरे का असर बना रहेगा। मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, लेकिन ठंड से फिलहाल राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...