Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather : पंजाब में ठंड का डबल अटैक! IMD ने जारी की नई रिपोर्ट

December 4, 2025

Punjab Weather : पंजाब में ठंड का डबल अटैक! IMD ने जारी की नई रिपोर्ट

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों से आने वाली तेज़ बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 2.4 डिग्री कम है। सुबह और देर शाम के समय ठंड का असर और तेज हो रहा है, जिससे लोगों को खासा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

फरीदकोट सबसे ठंडा जिला

राज्य में फरीदकोट सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां तापमान 2.6 डिग्री तक लुढ़क गया। यहां की ठंड पड़ोसी राज्य हरियाणा से भी ज्यादा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने कई जिलों में कोल्ड वेव को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो इस सीजन की दूसरी सबसे ठंडी रात रही।

कल से मौसम में बदलाव के संकेत

राजस्थान की सीमा से लगे जिलों फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, मानसा, जालंधर और मोगा में ठंडी हवाओं का असर जारी रहने की संभावना है। इस बीच, उत्तरी पाकिस्तान और पंजाब के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय बना हुआ है। 5 दिसंबर से एक हल्का वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है, जिसके चलते पहाड़ी इलाकों में बादल बढ़ेंगे और मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं का प्रभाव और गहराने की उम्मीद है।

दिन के तापमान में भी गिरावट

राज्य में अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे चला गया है। औसत दिन का तापमान 2.2 डिग्री कम दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री रहा, जबकि अमृतसर में यह 20.2 डिग्री तक पहुंच गया। अन्य जिलों का अधिकतम तापमान- लुधियाना: 22.4°C, पटियाला: 22.6°C, फरीदकोट: 22.0°C, गुरदासपुर: 22.5°C, बठिंडा: 23.9°C, फिरोजपुर: 21.6°C, रोपड़: 22.5°C, मोहाली: 23.0°C

ये भी पढ़ें: उत्तर और मध्य भारत में बढ़ेगी कड़ाके की ठंड, कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट

अगले सात दिन रहेगा सूखा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले पूरे हफ्ते पंजाब में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह सूखा रहने का पूर्वानुमान है। कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की शीतलहर बनी रह सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें