Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather Today: पंजाब में घने कोहरे का कहर, ऑरेंज अलर्ट जारी, नए साल से पहले बारिश की संभावना

December 29, 2025

Punjab Weather Today: पंजाब में घने कोहरे का कहर, ऑरेंज अलर्ट जारी, नए साल से पहले बारिश की संभावना

Punjab Weather Today: पंजाब में ठंड ने एक बार फिर से लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार को राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर देखने को मिली, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह और देर रात को हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम के साफ होने की संभावना जताई गई है।

तापमान में लगातार गिरावट

बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है और अब सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे कम तापमान फरीदकोट में 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

फरीदकोट और गुरदासपुर में शीतलहर का असर देखा गया, जबकि अमृतसर, आदमपुर, पठानकोट और बठिंडा जैसे शहरों में विज़िबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। लुधियाना में दृश्यता मात्र 10 मीटर, पटियाला में 20 मीटर और बठिंडा में 50 मीटर दर्ज की गई। इसका असर सड़क यातायात, रेल सेवाओं और हवाई उड़ानों पर भी पड़ा।

11 जिलों में कोल्ड वेव का खतरा

मौसम विभाग ने बताया कि पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बरनाला, मानसा, संगरूर, रूपनगर और मोहाली में कई स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा और होशियारपुर में कोहरे के साथ शीतलहर चल सकती है।

कपूरथला, जालंधर और लुधियाना में कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है। फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी दृश्यता बेहद कम रह सकती है। फिलहाल मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर आने वाले दिनों में दिखाई देगा। 30 दिसंबर से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पाकिस्तान क्षेत्र से आगे बढ़ेगा, जिसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके चलते पंजाब में भी तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 31 दिसंबर और 1 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम फिर से साफ हो सकता है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

ये भी पढ़ें: New Jersey में हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, 1 पायलट की मौत 

अगले दिनों का मौसम पूर्वानुमान

30 दिसंबर: गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में कहीं-कहीं घना कोहरा। मौसम शुष्क रहने की संभावना।

31 दिसंबर: कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। साथ ही पठानकोट, अमृतसर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, बरनाला, मानसा और पटियाला समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

1 जनवरी: नए साल के पहले दिन भी कोहरे का असर बना रहेगा। साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में छिटपुट स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें