Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब ने जीती 11वीं नेशनल गतका चैंपियनशिप ट्रॉफी, दस गतकाबाज़ ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार’ से सम्मानित

October 14, 2023

पंजाब ने जीती 11वीं नेशनल गतका चैंपियनशिप ट्रॉफी, दस गतकाबाज़ ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार’ से सम्मानित

चंडीगढ़ – देश के सबसे पुराने पंजीकृत गतका संगठन, ‘नेशनल गतका एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ (एन.जी.ए.आई.) द्वारा तालकटोरा स्टेडियम नई दिल्ली में आयोजित 11वीं नेशनल गतका चैम्पियनशिप में पंजाब ने जीत का सिलसिला जारी रखते हुए समग्र ट्रॉफी जीती है। चंडीगढ़ ने दूसरा जबकि हरियाणा और दिल्ली राज्य ने तीसरा स्थान हासिल किया है। मेजबान गतका एसोसिएशन ऑफ दिल्ली और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (डी.एस.जी.एम.सी.) के सहयोग से एन.जी.ए.आई. द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप में 14 राज्यों के 900 से अधिक लड़कों और लड़कियों, इन टीमों के 80 कोच व मैनेजर और टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए 35 गतका तकनीकी अधिकारी शामिल थे।

चैंपियनशिप के अंतिम दिन डी.एस.जी.एम.सी. के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। उनके साथ गतका एसोसिएशन ऑफ दिल्ली के चेयरमैन व कार्यकारी सदस्य डी.एस.जी.एम.सी. सर्वजीत सिंह विर्क, डी.एस.जी.एम.सी. के सदस्य भूपिंदर सिंह भुल्लर, गुरदेव सिंह, परमजीत सिंह चण्डोक, जसप्रीत सिंह विक्की मान, परविंदर सिंह लकी, हरमिंदर पाल सिंह, धर्म परचार के इंचार्ज मंजीत सिंह भोमा, नेशनल गतका एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल, अंतर्राष्ट्रीय सिख मार्शल आर्ट्स कौंसिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ वकील तेजिंदरपाल सिंह नलवा भी मौजूद थे।

हरमीत सिंह कालका ने दिल्ली में राष्ट्रीय गतका टूर्नामेंट के आयोजन के लिए एन.जी.ए.आई. और गतका एसोसिएशन दिल्ली को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डी.एस.जी.एम.सी. हमेशा सिख शस्त्र कला गतका को बढ़ावा देती रही है और भविष्य में भी समिति ऐसे गतका कार्यक्रमों के लिए नेशनल गतका एसोसिएशन को पूर्ण समर्थन देगी।

गतका प्रमोटर हरजीत सिंह ग्रेवाल ने बताया कि एन.जी.ए.आई. ने इस चैम्पियनशिप के दौरान गतका खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग में उत्तराखंड के अमितदीप सिंह और पंजाब की एकप्रीत कौर ने ‘बेस्ट प्लेयर’ की ट्रॉफी जीती। इसी तरह, अंडर-17 आयु वर्ग में पंजाब के दमनप्रीत सिंह और हरियाणा की अर्जमीत कौर और अंडर-19 वर्ग में पंजाब के गुरकीरत सिंह और चंडीगढ़ की रवलीन कौर को सर्वश्रेष्ठ गतकेबाज़ घोषित किया गया। इसके अलावा, चंडीगढ़ के जीवनजोत सिंह और अर्शदीप कौर को अंडर-22 आयु वर्ग में जबकि चंडीगढ़ के यशप्रीत सिंह और पंजाब की वीरपाल कौर को अंडर-25 आयु वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एन.जी.ए.आई. के उपाध्यक्ष सुखचैन सिंह कलसानी, वित्त सचिव बलजीत सिंह सैनी, सचिव सिमरनजीत सिंह, गतका एसोसिएशन दिल्ली के अध्यक्ष गुरमीत सिंह राणा, महासचिव जे.पी. सिंह, वित्त सचिव मेजर सिंह, जोगिंदर सिंह बुधविहार, गतका एसोसिएशन पंजाब के उपाध्यक्ष इंद्रजोध सिंह और सरबजीत सिंह, संयुक्त सचिव रमनदीप सिंह, टेक्नीकल ऑब्ज़र्वर जसवंत सिंह खालसा, कोच योगराज सिंह भी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें