Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

खेलों से जुड़ेंगे युवा : बठिंडा में पंजाब यूथ रन 13 सितंबर को

September 4, 2026

खेलों से जुड़ेंगे युवा : बठिंडा में पंजाब यूथ रन 13 सितंबर को

Punjab Youth Run to Promote Fitness and Drug-Free Youth : बठिंडा। 13 सितंबर को आयोजित होने वाली ‘पंजाब यूथ रन’ युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का संदेश देगी। करीब 5 किलोमीटर लंबी इस मैराथन में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जबकि कुल 40 विजेताओं को 5.5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। दौड़ का उद्घाटन सुबह 6 बजे और मैराथन सुबह 7 बजे शुरू होगी।

यह दौड़ युवाओं को फिटनेस, खेल और सकारात्मक सोच से जोड़ने के साथ-साथ नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक संदेश भी देगी। इस संबंध में शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान श्री अमरजीत मेहता, बठिंडा के मेयर श्री पदमजीत सिंह मेहता तथा कार्यक्रम के प्रभारी श्री बीर दविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘पंजाब यूथ रन’ का आयोजन 13 सितंबर की सुबह बठिंडा में किया जाएगा। मैराथन की शुरुआत सुबह 7 बजे पावर हाउस रोड स्थित पुडा मार्केट से होगी। प्रतिभागी बीबीवाला रोड, फौजी चौक और पावर हाउस रोड से होते हुए वापस पुडा मार्केट पहुंचेंगे, जहां मैराथन का समापन होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यूथ प्रधान मंजिंदर सिंह लालपुरा, चेयरमैन इंदरजीत सिंह मान, चेयरमैन श्री हरदीप सिंह सरां, यूथ जिला प्रधान रामनदीप सिंह तथा सिटी प्रधान आशीष भारद्वाज भी मौजूद थे। प्रेस को विस्तारित जानकारी देते हुए पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर उन्हें खेलों और स्वस्थ गतिविधियों के साथ जोड़ना बेहद जरूरी है।

खेल न केवल युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक सोच भी पैदा करते हैं। इस दौरान अमरजीत मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण के लिए युवाओं को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा शक्ति को सही दिशा देना समय की सबसे बड़ी जरूरत है और ‘पंजाब यूथ रन’ इसी उद्देश्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के प्रभारी बीर दविंदर सिंह ने मैराथन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ‘पंजाब यूथ रन’ करीब 5 किलोमीटर लंबी होगी। इसमें भाग लेने के लिए किसी भी उम्र की कोई पाबंदी नहीं रखी गई है। लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं, जिनमें अंडर-19, अंडर-35, अंडर-50 और 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस दौड़ में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन लिंक और क्यूआर कोड उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने बताया कि अंडर-19 वर्ग के प्रतिभागियों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 100 रुपये, जबकि 19 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए 150 रुपये निर्धारित की गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें