Last Updated: November 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

सेना में जाने के बजाए विदेश जाने पर है पंजाबी गबरुओं का फोकस

February 15, 2024

सेना में जाने के बजाए विदेश जाने पर है पंजाबी गबरुओं का फोकस

लुधियाना : भारतीय सेना में जाना पंजाब के गबरूओं की पहली पसंद हुआ करती थी। पंजाब के युवाओं ने भारतीय सेना में रहते हुए अदम्य साहस दिखाया और कई मैडल अपने नाम किए, लेकिन, पंजाब के युवाओं में विदेश जाने की चाहत ऐसी घर कर गई कि वो अब भारतीय सेना में जाने के बजाए विदेश जाने पर फोकस कर रहे हैं। जहां हर साल विदेश जाने वाले युवाओं की गिनती बढ़ रही है वहीं भारतीय सेना की भर्ती रैलियों में पंजाब के युवाओं की गिनती कम होती जा रही है। भारतीय सेना को पंजाबी युवाओं को सेना से जोड़ने के लिए अब आऊट रीच प्रोग्राम (स्कूलों में जाकर सैमीनार व अन्य गतिविधियां) करनी पड़ रही हैं।

पंजाब की अलग-अलग रैजिमैंटों में भर्ती के लिए ज्यादातर पंजाब के युवाओं को तरजीह दी जाती है। पिछले 7-8 सालों में अचानक युवाओं में विदेश जाने का क्रेज पैदा हुआ और बड़ी गिनती में युवाओं ने पलायन किया। एक अनुमान के मुताबिक पंजाब से हर साल 3 लाख युवा पढ़ने या अन्य कामों के लिए विदेश जा रहे हैं। विदेश जाने के लिए युवा व उनके परिजन कजर्दार भी हो रहे हैं इसके बावजूद उनमें विदेश जाने का क्रेज कम नहीं हो रहा। सेना भर्ती बोर्ड के अधिकारी भी मानते हैं कि विदेश जाने की चाह युवाओं को सेना से दूर कर रही है। इस साल सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए 8 फरवरी से 21 मार्च तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चल रही है।

जॉब देने वाली देश की सबसे बड़ी संस्था है भारतीय सेना

भातरीय सेना जॉब देने वाली संस्थाओं में सबसे बड़ी संस्था है। भर्ती बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि 25 फीसदी अग्निवीरों को सेना में शामिल किया जाएगा। बाकी के 75 फीसदी अग्निवीरों को पैरामिलिट्री व स्टेट पुलिस में नौकरी में रिजव्रेशन है। यही नहीं अन्य क्षेत्रों में भी उनके लिए रिजव्रेशन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पहले जो व्यक्ति एक बार सेना में शामिल हो जाता था उसे कम से कम 17 साल तक सेना में रहना जरूरी था। अब ऐसा नहीं है अग्निवीर बनने के बाद अगर किसी युवा को लगता है कि वो सेना के लिए फिट नहीं है तो वो अग्निवीर का सेवाकाल पूरा करके वापस आ सकता है।

खास बात यह है कि जब अग्निवीर 4 साल बाद वापस आएंगे तो उनके पास 25 से 30 लाख रुपए की बचत होगी। उसके बाद अगर वह विदेश जाना चाहता है तो उस राशि में विदेश भी जा सकता है। तब अभिभावकों को अपने बच्चों को विदेश भेजने के लिए न तो बैंक से लोन लेने की जरूरत होगी और न ही उन्हें अपनी जमीन या अन्य चीजें बेचने की जरूरत होगी। पीएयू के एक शोध के हिसाब से पंजाब के लोग 15 हजार करोड़ के करीब बैंक लोन ले चुके हैं जबकि 5000 करोड़ के करीब अपनी जमीन, सोना या अन्य सामान बेच चुके हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें