पंजाब डेस्क: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पंजाबी मीडिया से जुड़ी एक महिला को ड्रग तस्करी के आरोप में साढ़े 5 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। 47 वर्षीय सुखविंदर कौर संघा को अदालत ने दोषी करार दिया है। वह रेडियो और टीवी प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुकी हैं। उन पर अमेरिका से कनाडा में 100 किलोग्राम से ज्यादा मेथम्फेटामाइन की तस्करी करने का आरोप था, जिसे कोर्ट ने सही माना।
कैसे पकड़ी गई आरोपी
यह मामला अक्टूबर 2021 का है। संघा एक किराए की कार में सरे स्थित पैसिफिक हाईवे बॉर्डर क्रॉसिंग के जरिए कनाडा में प्रवेश कर रही थीं। सीमा अधिकारियों को शक होने पर उन्होंने कार की दोबारा जांच करने को कहा, लेकिन संघा वहां से तेज रफ्तार में भाग गईं।इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया और सरे के 16वें एवेन्यू इलाके में उन्हें पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें: अमरावती वीडियो स्कैंडल: ’18-19 साल की लड़कियां आती, कभी बुर्का पहनती तो…’, शख्स ने किए कई खुलासे
कार से मिला भारी मात्रा में ड्रग्स
तलाशी के दौरान अधिकारियों को कार से चार बैग मिले, जिनमें करीब 108 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन बरामद हुई। इसकी बाजार कीमत लाखों डॉलर बताई जा रही है।
कोर्ट में क्या हुआ
सुनवाई के दौरान संघा ने दावा किया कि उन्हें और उनके बेटे को धमकाकर इस काम के लिए मजबूर किया गया था, लेकिन अदालत ने इस दलील को खारिज कर दिया। मामले की सुनवाई कर रहे जज जॉन गिब-कार्सली ने कहा कि आरोपी के मोबाइल फोन से मिले संदेशों से साफ होता है कि वह इस तस्करी में खुद की मर्जी से शामिल थीं और पहले भी इस तरह की गतिविधियों में जुड़ी रही हैं।
समाज के लिए खतरा
सजा सुनाते समय अदालत ने कहा कि सुखविंदर कौर संघा मीडिया में काम करने के कारण समाज में एक जानी-पहचानी शख्सियत थीं और उन्होंने कई मशहूर लोगों के इंटरव्यू भी किए थे। इसके बावजूद उनका इस तरह के अपराध में शामिल होना गंभीर मामला है। मादक पदार्थों की तस्करी समाज के लिए बेहद खतरनाक है और इसके दूरगामी दुष्प्रभाव होते हैं। जज ने उम्मीद जताई कि आरोपी जेल में अपने समय का सही इस्तेमाल करेंगी और भविष्य में ऐसे अपराधों से दूर रहेंगी।
ये भी पढ़ें: Aadhaar Update: 10 साल पुराने आधार को इस तारीख से पहले फ्री में करें अपडेट, जानें पूरा प्रोसेस