Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather Today: पंजाब में बारिश और तेज हवाएं, 11 जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट

March 16, 2026

Punjab Weather Today: पंजाब में बारिश और तेज हवाएं, 11 जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट

Punjab Weather Today: पंजाब के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदला हुआ नजर आ रहा है।अमृतसर और पठानकोट में सोमवार को बारिश दर्ज की गई, जबकि जालंधर समेत कई जिलों में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। पठानकोट के कई इलाकों में रविवार रात करीब 10 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबर है, जिससे पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई।

मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने राज्य और चंडीगढ़ के लिए बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

तापमान में आई गिरावट

रविवार को हुई बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के कारण तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। मार्च के महीने में पहली बार राज्य का औसत तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान अबोहर में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में यह 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

11 जिलों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

कई जिलों में दर्ज हुई बारिश

बीते दिन राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अमृतसर में सबसे अधिक लगभग 5 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा अबोहर और संगरूर में करीब 4 मिमी, फिरोजपुर में 2.5 मिमी, पटियाला में 2 मिमी तथा श्री आनंदपुर साहिब में 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं लुधियाना में 1.2 मिमी, पठानकोट में 1 मिमी, बठिंडा में 0.5 मिमी और फरीदकोट व चंडीगढ़ में हल्की बूंदाबांदी रिकॉर्ड की गई।

अगले कुछ दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज के अलावा 17, 18 और 21 मार्च को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद दो दिनों तक तापमान में फिर इतनी ही बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जबकि उसके बाद दोबारा तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।

ये भी पढ़ें:

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर पंजाब और आसपास के इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह मौसम बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिण हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण और ऊपरी स्तर पर तेज पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इन्हीं परिस्थितियों के कारण पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें