Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update: पंजाब में 4 दिनों तक बारिश और आंधी का अलर्ट, पढ़ें IMD की रिपोर्ट

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आज सुबह से ही कई जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 11 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए आंधी, बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 14 मई तक राज्य में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खासतौर पर पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली और रूपनगर जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

वहीं तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

कुछ हिस्सों में बढ़ा तापमान

हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद पंजाब के कुछ हिस्सों में तापमान अब भी काफी ऊंचा बना हुआ है। फरीदकोट राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा में 40.9 डिग्री, फाजिल्का में 39 डिग्री और फिरोजपुर में 37.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा अमृतसर में 35.9 डिग्री, पटियाला में 35.8 डिग्री, लुधियाना में 35.6 डिग्री और चंडीगढ़ में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

ये भी पढ़ें…

IMD ने दी जानकारी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बदलाव की मुख्य वजह एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस है, जो पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हो चुका है। इसी के प्रभाव से पंजाब और आसपास के इलाकों में मौसम तेजी से बदल रहा है। विभाग ने बताया कि 11 मई की रात से 12 मई की सुबह तक कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

Exit mobile version