Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

देशभर में बारिश का कहर: दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में अलर्ट, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

June 29, 2025

देशभर में बारिश का कहर: दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में अलर्ट, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

Today Weather Update : देशभर में मानसून के सक्रिय होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों के लिए दिल्ली-एनसीआर, उत्तर पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देश के अधिकतर हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है, लेकिन राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में इसका इंतजार अभी भी जारी है। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा।

29 जून का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने शनिवार, 29 जून को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई को उत्तराखंड में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है। लोगों को सतर्क रहने और ज़रूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है।

हिमाचल में 17 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में मानसून की शुरुआत के बाद से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो चुकी है और 4 लोग लापता हैं। इनमें 7 लोगों की मौत बाढ़, 4 की डूबने से, 2 की करंट लगने, 2 की ऊंचाई से गिरने, एक की सांप के काटने और एक व्यक्ति की अन्य कारण से मौत हुई है। साथ ही राज्य में 38 सड़कें बंद हैं, जिनमें सबसे अधिक सड़कों पर असर कुल्लू और मंडी जिलों में पड़ा है। रविवार और सोमवार को कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 28.7°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.8°C अधिक है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। सीपीसीबी के मुताबिक सुबह 10 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 86 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

आंध्र प्रदेश में भी मौसम का बदला मिजाज

आईएमडी ने अगले तीन दिनों तक आंध्र प्रदेश के विभिन्न हिस्सों – उत्तरी और दक्षिणी तटीय क्षेत्र, यनम और रायलसीमा – में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40-50 किमी/घंटा तक हो सकती है।

2 और 3 जुलाई को मध्य भारत में भारी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि 2 और 3 जुलाई को मध्य प्रदेश और ओडिशा सहित मध्य भारत में भी भारी बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि 4 और 5 जुलाई तक मौसम सामान्य होने की उम्मीद है और असामान्य बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें