Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

जनगणना-2027 को लेकर फरीदकोट में समीक्षा बैठक, दूसरे चरण की तैयारियों पर अधिकारियों ने किया मंथन

October 8, 2026

जनगणना-2027 को लेकर फरीदकोट में समीक्षा बैठक, दूसरे चरण की तैयारियों पर अधिकारियों ने किया मंथन

फरीदकोट: जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें चार्ज अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में जनगणना के आगामी चरण के दौरान होने वाली गतिविधियों, कर्मचारियों के प्रशिक्षण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पंजाब के जनगणना संचालन निदेशक कार्यालय से पहुंचे जिला समन्वयक पंकज कुमार ने अधिकारियों को संभावित चुनौतियों और उनके समाधान से संबंधित जानकारी दी।

समय पर पूरा हो प्रशिक्षण

बैठक के दौरान चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले सुपरवाइजरों और एन्यूमरेटरों का प्रशिक्षण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। अधिकारियों को फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित दिक्कतों को पहले से चिन्हित कर उनके समाधान की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। जनगणना संचालन निदेशक (पंजाब एवं चंडीगढ़) संजय परमार ने बताया कि जनगणना-2027 का दूसरा चरण 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों के लिए स्वयं-गणना यानी सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

सेल्फ-एन्यूमरेशन के लिए लोगों को किया जाएगा जागरूक

डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को स्वयं-गणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें और अधिक से अधिक नागरिकों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने जिले के निवासियों से अपील की कि वे जनगणना की स्वयं-गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें और उपलब्ध कराई जाने वाली जानकारी को सावधानीपूर्वक एवं सही तरीके से दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के सफल संचालन के लिए प्रशासन और आम जनता, दोनों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

व्यवस्थाओं को लेकर भी हुई चर्चा

बैठक में दूसरे चरण के दौरान आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जनगणना कार्य को निर्धारित समय के भीतर पूरा करने और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय बनाए रखने को लेकर अपने सुझाव साझा किए। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर केशव गोयल, डिप्टी ईएसए-सह-अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी गुरिंदर सिंह, जूनियर एग्जीक्यूटिव अर्शत गर्ग, यंग प्रोफेशनल एवं तकनीकी सहायक मनप्रीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें