जालंधर: गोराया के जेसी रिजॉर्ट के पास बने ओवरब्रिज पर बुधवार सुबह आम से भरा एक कैंटर सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसा उस समय हुआ जब कैंटर आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा और किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
रोड सेफ्टी फोर्स (SSF) के प्रभारी सरबजीत सिंह ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान उनकी टीम ने ओवरब्रिज पर एक क्षतिग्रस्त कैंटर देखा। जांच में पता चला कि हरियाणा नंबर का यह वाहन सहारनपुर से अमृतसर की ओर जा रहा था और उसमें आम लदे हुए थे। कैंटर को समीर नाम का चालक चला रहा था।
चालक ने बताया कि सफर के दौरान उसे झपकी आ गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और आगे चल रही एक अज्ञात गाड़ी से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दूसरी गाड़ी मौके से चली गई, जबकि कैंटर क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घटना की जानकारी गोराया थाना पुलिस को दी। इसके बाद कैंटर को सड़क के किनारे सुरक्षित खड़ा कराया गया। साथ ही ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए सुरक्षा कोन लगाए गए, जिससे वाहनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...