पंजाब डेस्क: सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में फूलों की खूबसूरती और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिलने वाला है। दिसंबर में होने वाले गुलदाउदी शो और साल 2027 में आयोजित होने वाले रोज फेस्टिवल को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
इन आयोजनों में फूलों की आकर्षक प्रदर्शनियों के साथ खानपान, खरीदारी और मनोरंजन की भी खास व्यवस्था की जाएगी। फूड लवर्स के लिए मैकडॉनल्ड्स, डोमिनोज, बारिस्ता और कैफे कॉफी डे (CCD) जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा चंडीगढ़ कार्निवाल का आयोजन 20 नवंबर से शुरू होने जा रहा है।
रोज गार्डन में तीन दिन तक रहेगा उत्सव का माहौल
सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन में आयोजित होने वाला तीन दिवसीय रोज फेस्टिवल शहरवासियों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनेगा। यहां रंग-बिरंगे फूलों की प्रदर्शनी के साथ मनोरंजन, खानपान और शॉपिंग के कई विकल्प मिलेंगे।
आयोजन के दौरान सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक फूड स्टॉल खुले रहेंगे। यहां मैकडॉनल्ड्स, डोमिनोज, बारिस्ता और CCD जैसे ब्रांड्स के जरिए लोग बर्गर, पिज्जा, कॉफी और दूसरे पसंदीदा व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए दो बड़े फूड कोर्ट तैयार किए जाएंगे।
60 स्टॉल पर होगी खरीदारी
रोज फेस्टिवल में खरीदारी के शौकीनों के लिए भी खास इंतजाम किए जाएंगे। रोज गार्डन परिसर में करीब 60 कमर्शियल स्टॉल लगाए जाने की योजना है। यहां अलग-अलग तरह के उत्पादों की खरीदारी के साथ वाहनों का प्रदर्शन भी देखने को मिलेगा।
बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष एम्यूजमेंट पार्क तैयार किया जाएगा, जिसमें कई तरह के झूले लगाए जाएंगे। इसके अलावा ऊंट की सवारी भी उत्सव का खास आकर्षण रहेगी।
पांच हॉट एयर बैलून बढ़ाएंगे फेस्टिवल की रौनक
इस बार रोज फेस्टिवल में पांच विशाल हॉट एयर बैलून भी आकर्षण का केंद्र होंगे। फूलों से सजे गार्डन के बीच इनकी मौजूदगी आयोजन को और खास बनाएगी।
इसके अलावा बच्चों के लिए रोज प्रिंस और रोज प्रिंसेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देने के लिए मिस्टर एंड मिस रोज प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी।
बुजुर्गों के लिए रोज किंग और रोज क्वीन प्रतियोगिता
रोज फेस्टिवल में केवल बच्चों और युवाओं को ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। बुजुर्गों के लिए रोज किंग और रोज क्वीन प्रतियोगिता आयोजित होगी।
इसके साथ ही फोटोग्राफी, रंगोली, लोक नृत्य और पतंगबाजी जैसी प्रतियोगिताएं भी होंगी। इन गतिविधियों के जरिए शहर की कला, संस्कृति और पारंपरिक रंगों को मंच मिलेगा।
आम लोगों के लिए फ्री रहेगी एंट्री
तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि आम लोगों को रोज फेस्टिवल में प्रवेश के लिए कोई टिकट नहीं खरीदना होगा। यानी परिवार के साथ पहुंचकर लोग फूलों की प्रदर्शनी, फूड कोर्ट, शॉपिंग और मनोरंजन की गतिविधियों का आनंद मुफ्त में ले सकेंगे।
ये भी पढ़ें…
20 नवंबर से शुरू होगा चंडीगढ़ कार्निवाल
रोज फेस्टिवल और गुलदाउदी शो के साथ शहर में चंडीगढ़ कार्निवाल को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं। इसका आयोजन 20 नवंबर से शुरू होने वाला है। ऐसे में आने वाले दिनों में चंडीगढ़ में लगातार सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों की धूम देखने को मिलेगी। चंडीगढ़ के आगामी आयोजन फूलों की खूबसूरती, स्वादिष्ट खानपान, खरीदारी और मनोरंजन का अनूठा अनुभव देने वाले हैं।

