रूपनगर: जिला पुलिस ने विभिन्न मामलों में 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 305 ग्राम अफीम, 30,000 रुपए (ड्रग मनी), 20 ग्राम नशीला पाउडर और 150 बोतल शराब बरामद कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंधी जानकारी देते हुए शुभम अग्रवाल, आई.पी.एस. सीनियर कप्तान पुलिस रूपनगर ने बताया कि गौरव यादव आई.पी.एस. पुलिस महानिदेशक पंजाब के दिशा निर्देशों अनुसार व हरचरण सिंह भुल्लर आईपीएस इंस्पैक्टर जनरल पुलिस रूपनगर रेज रूपनगर के नेतृत्व में रूपनगर पुलिस द्वारा नशा तस्करों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान युद्ध नशों के खिलाफ के तहत जिला पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी व गश्त के माध्यम से नशा तस्करों व शरारती तत्वों पर नकेल कसी जा रही है।
जिस दौरान इंद्रजीत सिंह पुत्र हरबंस सिंह निवासी गांव रतनगढ़, थाना सिटी मोरिंडा को गिरफ्तार कर उसके पास से 305 ग्राम अफीम व 30,000 रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई तथा थाना नंगल द्वारा गौरव वर्मा पुत्र राम पाल, निवासी पिंड तलवाड़ा, थाना नंगल को गिरफ्तार कर उसके पास से 20 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया तथा उसके खिलाफ एन.डी.पी.एस. के मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा सिटी थाना रूपनगर पुलिस द्वारा विजय कुमार पुत्र गुलजार सिंह निवासी मकान नंबर 32, न्यू आदर्श नगर, रूपनगर को गिरफ्तार कर उसके पास से 9000 एमएल शराब और थाना सिंह भगवंतपुर पुलिस स्टेशन द्वारा 103500 एमएल शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए।

उन्होंने आगे बताया कि प्रोजेक्ट संपर्क के तहत आम लोगों को नशे के बुरे प्रभावों के बारे में जागरूक करने तथा जनता और पुलिस के बीच तालमेल को और बढ़ाने के लिए गांवों में राजपत्रित अधिकारियों और पुलिस थानों के मुख्य अधिकारियों द्वारा बैठकें की गईं तथा उन्हें पंजाब नशा विरोधी हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई तथा उनके सुझाव भी लिए गए। एसएसपी रूपनगर ने लोगों से अपील की कि वह नशे की बुराई को खत्म करने के लिए पुलिस का पूरा सहयोग करें और यदि उनके क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति नशा तस्करी में संलिप्त है तो उसकी जानकारी सुरक्षित पंजाब नशा विरोधी हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 (व्हाट्सएप चैटबॉट) या जिला पुलिस नंबर पर सांझा करें। सूचना देने वाले का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा।