Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्कूलों में तैनात सफाई सेवकों और चौकीदारों ने उठाई वेतन बढ़ाने और पक्का करने की मांग

November 13, 2026

स्कूलों में तैनात सफाई सेवकों और चौकीदारों ने उठाई वेतन बढ़ाने और पक्का करने की मांग

मोगा। पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के अधीन सरकारी स्कूलों में सेवाएं निभा रहे दर्जा चार कर्मचारियों, सफाई सेवकों और चौकीदारों ने पंजाब सरकार से अपने वेतन में बढ़ोतरी करने और लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग उठाई है। कर्मचारियों का कहना है कि वे बेहद कम वेतन पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, जबकि मौजूदा महंगाई के दौर में इतनी कम राशि से परिवार का गुजारा करना बेहद मुश्किल हो गया है।

कर्मचारियों के अनुसार वर्ष 2023 में स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों (एसएमसी) के माध्यम से सरकारी स्कूलों में सफाई सेवकों और चौकीदारों की भर्ती की गई थी। इन कर्मचारियों को स्कूलों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्कूल परिसर में सरकार की ओर से स्थापित किए गए विभिन्न प्रोजेक्टों और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा एवं देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

उन्होंने बताया कि सफाई सेवक रोजाना स्कूलों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए मेहनत करते हैं, वहीं चौकीदार स्कूलों में रखे कीमती सामान, सरकारी उपकरणों और अन्य संसाधनों की सुरक्षा के लिए दिन-रात ड्यूटी निभाते हैं। कई चौकीदारों को रात के समय भी जागकर पहरा देना पड़ता है, ताकि स्कूलों में किसी प्रकार की चोरी या नुकसान की घटना न हो। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों के मुकाबले बेहद कम है।

कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में एक सफाई सेवक को मात्र 3,000 रुपये प्रति माह और एक चौकीदार को 5,000 रुपये प्रति माह वेतन दिया जा रहा है। इतनी कम राशि में घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना कठिन हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उनके मासिक वेतन में सम्मानजनक बढ़ोतरी की जाए। कर्मचारी नेताओं ने यह भी मांग की कि जो कर्मचारी पिछले 10 वर्षों से लगातार अपनी सेवाएं निभा रहे हैं, उन्हें पक्के वेतनमान के आधार पर नियमित किया जाए, ताकि उन्हें रोजगार की सुरक्षा और अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह उचित सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने पंजाब सरकार से अपील की कि स्कूलों की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में अहम भूमिका निभाने वाले इन कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने आने वाले दिनों में उनकी मांगों की ओर ध्यान नहीं दिया तो कर्मचारी बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और रोष प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सरबजीत सिंह सिद्धू, हरदीप सिंह मोगा, बीबी जसवीर कौर बठिंडा, बीबी कविता रानी बरनाला, हरदीप सिंह फरीदकोट, अंग्रेज सिंह, बलदेव सिंह, अमृत सिंह, सोना सिंह परमानंद सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें