पंजाब डेस्क: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के वरिष्ठ सदस्य भाई राम सिंह का निधन हो गया है। 74 वर्षीय भाई राम सिंह कुछ महीनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे और हड्डी के कैंसर से पीड़ित थे। उन्हें इलाज के लिए श्री गुरु रामदास चैरिटेबल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार विदेश में रहने वाले उनके बच्चों के आने के बाद किया जाएगा।
SGPC जत्थेदारों ने व्यक्त किया गहरा शोक
श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यवाहक जत्थेदार और तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने अमृतसर से भाई राम सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि भाई राम सिंह ने हमेशा अपने जीवन को पंथ की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने पंथ और समाज के हित में जो योगदान दिया, उसे सदैव याद रखा जाएगा। जत्थेदार गर्गज ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति की प्रार्थना की।
हरजिंदर सिंह धामी ने भी जताया दुःख
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने भाई राम सिंह के निधन पर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि भाई राम सिंह एक विनम्र और दयालु व्यक्ति थे, जिन्होंने सदैव पंथ के हितों को प्राथमिकता दी। उनकी पंथिक सेवाएं यादगार हैं और उन्होंने शिरोमणि कमेटी में अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा से निभाया।
भाई राम सिंह के योगदान को किया याद
भाई राम सिंह ने लंबे समय तक SGPC के सदस्य के रूप में कार्य करते हुए धर्म प्रचार और सिख समुदाय की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे सिख समाज और शिरोमणि कमेटी को अपूरणीय क्षति हुई है। एडवोकेट धामी ने परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी जताया दुःख
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विर्क, कनिष्ठ उपाध्यक्ष बलदेव सिंह कल्याण, महासचिव शेर सिंह मंडवाला तथा मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मनन ने भी भाई राम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

