Site icon Dainik Savera Times

SGPC अध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारियां पूरी, कुछ ही देर में होगी शुरुआत

अमृतसर: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के नए अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के चुनाव के लिए आज दोपहर 1 बजे जनरल हाउस में अहम बैठक होने जा रही है। समुंद्री हॉल में आयोजित होने वाले इस चुनाव की तैयारियाँ पहले ही पूरी कर ली गई हैं।

इस चुनाव के लिए कुल 148 सक्रिय सदस्यों द्वारा मतदान किया जाएगा। SGPC के जनरल हाउस में कुल 185 सदस्य होते हैं, जिनमें से 170 सदस्य चुने जाते हैं और 15 सदस्य मनोनीत होते हैं। वर्तमान में 33 सदस्यों का निधन हो चुका है और 4 सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है, जिसके कारण सक्रिय सदस्यों की संख्या 148 रह गई है।

अध्यक्ष का चुनाव प्रक्रिया:

जनरल हाउस की कार्यवाही शुरू होते ही किसी सदस्य द्वारा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित किया जाएगा। सभी सदस्य यदि किसी एक उम्मीदवार पर सहमत हों, तो सर्वसम्मति से चुनाव हो जाएगा। लेकिन यदि प्रतिपक्ष भी उम्मीदवार प्रस्तुत करता है, तो मतदान के माध्यम से अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी चुने जाएंगे।

चुनाव की तैयारियों में शिरोमणि अकाली दल ने पूरी तत्परता दिखाई है। पार्टी ने मतदान केंद्र और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर लिया है। अकाली दल के सचिव प्रताप सिंह ने उम्मीद जताई है कि यह चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न होगा।

साथ ही चर्चा है कि शिरोमणि अकाली दल रघुजीत सिंह विर्क को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बना सकती है। SGPC चुनाव के परिणाम पर सिख समाज की निगाहें हैं, और आज का दिन कमेटी के भविष्य की दिशा तय करेगा।

ये भी पढ़ें: अमेरिका में शटडाउन से बिगड़े हालात: हवाई यात्राओं पर संकट, हजारों उड़ानें देर से रवाना

Exit mobile version