Punjab News: पंजाब सरकार ने अमृतसर को पवित्र शहर घोषित करने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। सरकारी नोटिफिकेशन के अनुसार, शहर के वर्ल्ड सिटी इलाके में चल रही मीट, मछली, तंबाकू और शराब की दुकानें जल्द ही शहर के बाहरी क्षेत्रों में स्थानांतरित की जाएंगी।
इस संबंध में म्युनिसिपल कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के निर्देश पर एक अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जॉइंट कमिश्नर डॉ. जय इंदर सिंह ने की, जिसमें म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के एस्टेट डिपार्टमेंट के अधिकारी शामिल थे। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इलाके की सभी संबंधित दुकानों का विस्तृत सर्वेक्षण किया जाएगा। इसमें दुकानों की संख्या, लाइसेंस की स्थिति और उनकी लोकेशन की पूरी जानकारी एकत्र की जाएगी।
शहर से बाहर शिफ्ट करने का उद्देश्य
जॉइंट कमिश्नर डॉ. जय इंदर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अमृतसर के वर्ल्ड सिटी इलाके का धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व बहुत अधिक है। इस इलाके में मीट, मछली, तंबाकू और शराब की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है ताकि इसकी पवित्रता बनी रहे। उन्होंने बताया कि यह कदम न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि दुनिया भर के तीर्थयात्रियों के लिए भी महत्व रखता है।
ये भी पढ़ें: पंजाब सरकार का नए साल पर बड़ा तोहफा, 6.75 लाख महिलाओं को मिलेगी ये खास सुविधा
दुकानदारों से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने सभी दुकानदारों से अनुरोध किया है कि वे इस सरकारी आदेश का पालन करें और समय रहते अपनी दुकानों को शहर के बाहरी हिस्सों में शिफ्ट करें। अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सर्वे प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन शिफ्टिंग की तारीख और आवश्यक इंतज़ामों का ऐलान करेगा। उम्मीद है कि इस कदम से वर्ल्ड सिटी की पवित्रता संरक्षित रहेगी और शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी।

