Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित लोपोके में करवाया गया ड्रोन शो

October 9, 2026

श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित लोपोके में करवाया गया ड्रोन शो

अमृतसर: पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित राज्य के विभिन्न हिस्सों में विशेष ड्रोन शो करवाए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला के तहत लोपोके के शहीद मेवा सिंह स्टेडियम में भव्य ड्रोन शो करवाया गया।

लोपोके के आसमान में रात के अंधेरे में एक साथ उड़ते 500 ड्रोन के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और विचारधारा को दर्शाते मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किए गए। ड्रोन के माध्यम से रोशनी और आधुनिक तकनीक के सुंदर समागम द्वारा गुरु साहिब की शिक्षाओं, सामाजिक समानता, मानवता, भाईचारे और सर्वजन के कल्याण का संदेश दिया गया।

ड्रोन शो की शानदार प्रस्तुति से प्रभावित संगत ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया। इससे पहले समारोह के दौरान पंथ प्रसिद्ध रागी भाई मलकीत सिंह, हजूरी रागी जत्था, गुरुद्वारा श्री शहीदगंज साहिब, अमृतसर, के जत्थे द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी की इलाही बाणी का कीर्तन किया गया।

इस अवसर पर एस.डी.एम. लोपोके स. मनवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गुरु साहिब द्वारा दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आज लोपोके में ड्रोन शो के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और विचारधारा को दर्शाते आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की बाणी और शिक्षाएं संपूर्ण मानवता को समानता, भाईचारे, मेहनत, सच्चे आचरण और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी का दर्शन किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए समानता, स्वतंत्रता, भाईचारे और सांझीवालता का महान संदेश है। गुरु जी ने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध आवाज बुलंद करते हुए यह संदेश दिया कि मनुष्य की महानता उसके जन्म या कुल में नहीं, बल्कि उसके अच्छे कर्मों, उच्च आचरण और मानवता के प्रति समर्पण में है। अगला ड्रोन शो 9 अक्टूबर की शाम को दविंद्रा इंटरनेशनल स्कूल, अजनाला के मैदान में करवाया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस ड्रोन शो में बड़ी संख्या में शामिल हों और श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित इस विशेष आयोजन का हिस्सा बनें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें