Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

SIR 2026: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार का मौका, 6 सितंबर को अमृतसर में विशेष कैंप

September 1, 2026

SIR 2026: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार का मौका, 6 सितंबर को अमृतसर में विशेष कैंप

अमृतसर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पंजाब राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR-2026) का महत्वपूर्ण कार्य चल रहा है। इस संबंध में जारी कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त 2026 को फोटो मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा चुका है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर अमृतसर स. दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक मतदाता सूची संबंधी दावे एवं आपत्तियां 13 अगस्त 2026 से 12 सितंबर 2026 तक दर्ज करवाई जा सकती हैं। मतदाता दावे एवं आपत्तियों के लिए फॉर्म नंबर 6, 6-ए, 7 और 8 ऑनलाइन www.voters.eci.gov.in तथा Voter Helpline App के माध्यम से अथवा ऑफलाइन संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ERO) और बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास जमा करवा सकते हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि SIR-2026 के तहत आम जनता एवं मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए 6 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक जिले के सभी 2,240 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों के दौरान सभी BLO अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे तथा मतदाताओं को नोटिस फॉर्म, दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने संबंधी आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्रदान करेंगे।

उन्होंने बताया कि विशेष कैंपों के दौरान जिले की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी उपस्थित रहेंगे और दावे एवं आपत्तियों से संबंधित कार्य में BLO को सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से योग्य नागरिकों का अधिक से अधिक मतदाता पंजीकरण करवाने में भी सहयोग करें।

डिप्टी कमिश्नर स. दलविंदरजीत सिंह ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि 1 अक्टूबर 2026 की योग्यता तिथि के आधार पर जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए फॉर्म नंबर 6 भरकर इस विशेष कैंप का लाभ उठाएं। इसी प्रकार मतदाता सूची/वोटर कार्ड में दर्ज विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक करवाने के लिए फॉर्म नंबर 8 भरा जा सकता है।

उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर लगाए जाने वाले विशेष कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और आवश्यकता अनुसार दावे, आपत्तियां अथवा संशोधन संबंधी फॉर्म जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का सही एवं अद्यतन होना बेहद महत्वपूर्ण है। मतदाता अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 (टोल फ्री) पर संपर्क कर सकते हैं।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें