Last Updated: November 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab News : अमन अरोड़ा के ‘तो क्या हुआ?’ बयान पर भी विजय सांपला ने घेरा

November 23, 2026

Punjab News : अमन अरोड़ा के ‘तो क्या हुआ?’ बयान पर भी विजय सांपला ने घेरा
 
 

Slams AAP Over Deployment of 2,960 Buses for Moga Rally : जालंधर। भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री और पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला ने 26 नवंबर को मोगा में होने वाली आम आदमी पार्टी की रैली को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने रैली के लिए पीआरटीसी और पंजाब रोडवेज की 2,960 सरकारी बसों को लगाने के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि इससे पूरे पंजाब की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित होगी। लाखों यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और बुजुर्गों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सांपला ने पंजाब आप अध्यक्ष अमन अरोड़ा की ‘तो क्या हुआ?’ टिप्पणी पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बयान सरकार के अहंकार और आम जनता की समस्याओं के प्रति उसकी उदासीनता को दर्शाता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि राजनीतिक रैली में भीड़ जुटाने के लिए सरकारी बसों और जनता के पैसों का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है। सांपला ने कहा कि पीआरटीसी और पंजाब रोडवेज पहले ही आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। परिवहन कर्मचारियों को अपने बकाया भुगतान और मांगों के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के महंगाई भत्ते, महिलाओं को आर्थिक सहायता और स्कूलों-अस्पतालों की सुविधाओं के लिए खजाना खाली होने का हवाला देती है, लेकिन राजनीतिक रैली के लिए हजारों बसें लगाने में सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने पांच साल में काम किया होता तो रैली में भीड़ जुटाने के लिए इतनी बसों की जरूरत नहीं पड़ती। जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें