Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना में 19 जुलाई को लगेंगे SIR-2026 के विशेष कैंप, वोटर्स से भागीदारी की अपील

July 18, 2026

लुधियाना में 19 जुलाई को लगेंगे SIR-2026 के विशेष कैंप, वोटर्स से भागीदारी की अपील लुधियाना: स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए लुधियाना जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 19 जुलाई को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। यह कैंप भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत लगाए जा रहे हैं। डिप्टी कमिश्नर-कम-डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर हिमांशु जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इन विशेष कैंपों का उद्देश्य घर-घर सर्वे और मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म की डिजिटल एंट्री के काम को तेजी से पूरा करना है। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अपने संबंधित पोलिंग बूथों पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे मतदाताओं को फॉर्म भरने, जानकारी की जांच करने, जरूरी दस्तावेज जमा करवाने और रिकॉर्ड को ऑनलाइन अपडेट करने में सहायता करेंगे। डिप्टी कमिश्नर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बूथ लेवल एजेंट्स (BLAs), सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सभी योग्य मतदाता अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर जरूरी फॉर्म जमा करवाएं, ताकि SIR-2026 की प्रक्रिया समय पर और सफलतापूर्वक पूरी की जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि मतदाता सूची को सही और अपडेट रखने के लिए इस विशेष कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें