
अमृतसर: पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश को स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए “मिशन क्लीन पंजाब” (Mission Clean Punjab) के तहत अमृतसर में चलाया जा रहा विशेष सफाई अभियान आज दूसरे दिन भी पूरी सक्रियता के साथ जारी रहा।
अभियान के दूसरे दिन अमृतसर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक जीवन ज्योत कौर के नेतृत्व में राम तलार्इ चौक से लेकर घी मंडी चौक तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाया गया तथा सड़कों, चौकों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।

इस अवसर पर विधायक जीवन ज्योत कौर ने कहा कि पवित्र शहर अमृतसर को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाना हमारी प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर की सूरत को और बेहतर बनाने के लिए प्रशासन तथा आम आदमी पार्टी की टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी साझा जिम्मेदारी है। यदि शहरवासी अपने आसपास सफाई रखें और कूड़े को निर्धारित स्थानों पर ही डालें, तो अमृतसर को और अधिक स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।

विधायक ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि कूड़ा खुले में अथवा सड़कों पर फेंकने के बजाय नगर निगम की कूड़ा एकत्र करने वाली गाड़ियों अथवा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। इसके साथ ही पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन रहे प्लास्टिक के लिफाफों के इस्तेमाल से भी पूरी तरह परहेज किया जाए।
उन्होंने कहा कि “मिशन क्लीन पंजाब” को सफल बनाने के लिए सरकार, प्रशासन और आम जनता का सामूहिक सहयोग बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक द्वारा किया गया छोटा-सा प्रयास भी हमारे पवित्र शहर अमृतसर को एक स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)
मेष: दिन शुभ रहेगा...