Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन पर मनाया ‘स्टेशन महोत्सव

September 18, 2026

डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन पर मनाया ‘स्टेशन महोत्सव

Station Mahotsav Celebrated : जालंधर। रेलवे बोर्ड की ओर से भारतीय रेल के चयनित विरासत स्टेशनों पर उनकी स्थापना के अनुरूप ‘स्टेशन महोत्सव’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत विभिन्न रेलवे जोनों/राज्यों में 103 विरासत स्टेशनों को चिन्हित किया गया इन स्टेशनों पर स्थानीय इतिहास, संस्कृति एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं।

इसी क्रम में, उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन पर आज दिनांक 18 सितंबर 2026 को स्टेशन महोत्सव का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह के शुरुआत में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों द्वारा स्टेशन परिसर में रैली का आयोजन किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की प्रस्तुति से समारोह का वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा। कार्यक्रम के दौरान डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन की ऐतिहासिक यात्रा, विरासत एवं भारतीय रेल में इसके महत्व को प्रदर्शित करने वाली लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

रेलवे टीम (स्काउट्स एवं गाइड्स) द्वारा लोक नृत्य, गीत और नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई जिसके माध्यम से यात्रियों को विरासत संरक्षण, स्वच्छता एवं यात्री सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। स्टेशन महोत्सव के दौरान बच्चों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। यात्रियों एवं आमजन को डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से प्लेटफार्म पर ऐतिहासिक छायाचित्रों/दस्तावेजों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में स्टेशन के विभिन्न ऐतिहासिक पड़ावों एवं भारतीय रेल की गौरवशाली यात्रा को प्रदर्शित किया गया। समारोह के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन की गौरवशाली यात्रा केवल एक भवन या स्टेशन की यात्रा नहीं, बल्कि फिरोजपुर मंडल की ऐतिहासिक पहचान और भारतीय रेल की समृद्ध विरासत का अभिन्न अध्याय है। स्टेशन महोत्सव के माध्यम से इसकी समृद्ध विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को रेलवे के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री भूपेन्द्र, वरिष्ठ मंडल अभियंता/III श्रीमती नवलप्रीत कौर, मंडल कार्मिक अधिकारी श्री बिजेंद्र कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री पायल तथा अन्य रेलवे अधिकारी, कर्मचारी एवं यात्रीगण उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें