
Sukhdeep Kaur Gill Appointed RPI Moga District President : मोगा। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) ने मोगा में संगठन का विस्तार करते हुए सुखदीप कौर गिल (सुखी भेखां) को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। पंजाब अध्यक्ष पंकज सूद ने पार्टी के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन कर उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और जिले के चारों विधानसभा हलकों में संगठन मजबूत करने का लक्ष्य रखा है।
इस संबंध में पार्टी के पंजाब अध्यक्ष पंकज सूद ने मोगा में पार्टी के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन किया और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी दी। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्टी के पंजाब अध्यक्ष पंकज सूद ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले तथा पंजाब प्रभारी और राष्ट्रीय महिला विंग की अध्यक्ष मंजू छिब्बर के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति और संगठन में अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की गई है। पंजाब में पार्टी की ओर से की गई पहली जिला स्तरीय नियुक्ति के लिए मोगा को चुना गया है और सुखदीप कौर गिल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंकज सूद ने कहा कि सुखदीप कौर गिल (सुखी भेखां) समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ी हुई हैं और मोगा जिले में उनकी अपनी पहचान है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुखदीप कौर गिल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले, राष्ट्रीय महिला विंग की अध्यक्ष एवं पंजाब प्रभारी मंजू छिब्बर और पंजाब अध्यक्ष पंकज सूद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उनका मुख्य उद्देश्य पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाना तथा मोगा जिले के चारों विधानसभा हलकों में संगठन का विस्तार करना होगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी के साथ जोड़कर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही लोगों की समस्याओं को सुनकर उन्हें संबंधित मंचों तक पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर पार्टी के नए जिला कार्यालय का पता जीरा रोड स्थित सोढी नगर, गली नंबर 7, मोगा घोषित किया गया। कार्यक्रम में विकास कपूर, रूपम अरोड़ा, नीरज चावला, अमरदीप अनेजा, अमन पुरी और हरजिंदर सिंह हैप्पी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।