
सुंदरनगर: कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के सौजन्य से उप मंडल सुंदरनगर के विकासखंड निहरी की ग्राम पंचायत झूंगी में खेत बचाओ अभियान के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के करीब 150 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में खंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) रवि कुमार ने किसानों को खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों तथा कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य और उर्वरता को बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन का आधार है। इसलिए किसानों को रासायनिक पदार्थों पर निर्भरता कम कर टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियां अपनानी चाहिए।
इस अवसर पर सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) मुरारी एवं लक्की कश्यप ने किसानों को एग्रीस्टैक पोर्टल और फार्मर रजिस्ट्री के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान मौके पर ही किसानों का पंजीकरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य कृषि संसाधनों का संरक्षण करते हुए खेती को टिकाऊ, सुरक्षित और लाभकारी बनाना है।
📍 Location: Mandi (Mandi)
मेष: दिन शुभ रहेगा...