Takht Sri Patna Sahib : तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के जत्थेदार समेत पंज प्यारे साहिबानों ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को तख्त श्री पटना साहिब में पेश होने के लिए 20 दिन का और समय दे दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तख्त श्री पटना साहिब के जत्थेदार भाई बलदेव सिंह, अतिरिक्त हेड ग्रंथी भाई दलीप सिंह और भाई गुरदयाल सिंह समेत पंज प्यारे साहिबानों द्वारा सुखबीर सिंह बादल को तख्त साहिब में तलब करने के लिए गत दिवस जारी किए गए आदेश की मियाद 10 जून को समाप्त हो गई थी।
अब उक्त पंज प्यारे साहिबानों ने नया आदेश जारी करते हुए कहा है कि शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी द्वारा फोन पर की गई अपील पर सुखबीर सिंह बादल को पेश होने के लिए 20 दिन का और समय दिया है। पंज प्यारे साहिबानों द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब सुखबीर सिंह बादल 30 जून तक तख्त श्री पटना साहिब में पेश हो सकते हैं।

