
पंजाबः लुधियाना के मोती नगर थाना क्षेत्र की विश्वकर्मा कॉलोनी में अवैध रूप से घरेलू और औद्योगिक गैस सिलेंडरों से गैस ट्रांसफर करने के मामले में कार्रवाई करने पहुंची खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सहायक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, कारपोरेशन जोन-डी, सराभा नगर के अधिकारी नितिन कालिया ने बताया कि 17 जुलाई को मोती नगर इलाके में अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां चंदन साहनी की दुकान में घरेलू और औद्योगिक गैस सिलेंडर, प्लास्टिक पाइप और गैस ट्रांसफर करने वाला नोजल मिला।
शिकायत के अनुसार, जब टीम सिलेंडरों को जब्त कर सरकारी वाहन में रख रही थी, तभी चंदन साहनी, शेखर साहनी, कामरेड अंसारी और 6-7 अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि बहस के दौरान झगड़ा हुआ और विभागीय अधिकारियों के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)