Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update: पंजाब में बढ़ती गर्मी का कहर,27 अप्रैल से हीट वेव और गर्म रातों का अलर्ट

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update

चंडीगढ़: पंजाब में भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। इस सीजन में पहली बार राज्य का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। फरीदकोट में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, औसत तापमान सामान्य से करीब 4.9 डिग्री अधिक चल रहा है।

हीट वेव और गर्म रातों का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने राज्य के कई जिलों में हीट वेव और ‘वॉर्म नाइट’ को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 27 से 30 अप्रैल के बीच लू चलने, रात में तापमान अधिक रहने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

चंडीगढ़ में ऑरेंज अलर्ट

चंडीगढ़ के लिए अगले दो दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने और अधिक पानी पीने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में लू का असर

राज्य के 12 जिलों मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, बरनाला, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, संगरूर, पटियाला, तरनतारन और अमृतसर में लू चलने की संभावना है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, बरनाला और लुधियाना में रात के समय भी गर्मी बनी रह सकती है।

तापमान 40 डिग्री के पार

लुधियाना में 42.2 डिग्री, पटियाला में 42.5 डिग्री और बठिंडा में 42.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ में पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया। कई अन्य शहरों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहा।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 27 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश, तेज हवाएं और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरावट संभव है।

ये भी पढ़ें…

 

अगले तीन दिनों का पूर्वानुमान

27 अप्रैल: कई जिलों में लू जारी रहेगी, लेकिन कुछ जगहों पर तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है।
28 अप्रैल: राज्यभर में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी।
29 अप्रैल: पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, जालंधर, मोहाली, लुधियाना और पटियाला में आंधी और बारिश के आसार।

सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों को अत्यधिक गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को धूप से बचाने, पानी की पर्याप्त मात्रा लेने और अनावश्यक बाहर निकलने से परहेज करने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें: UK Board Result 2026: जारी हुआ 10वीं और 12वीं के नतीजे, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, जानें कैसे चैक करें रिजल्ट

Exit mobile version