Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट का बेटा आइस ड्रग्स के साथ चढ़ा एएनटीएफ के हत्थे

January 28, 2026

आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट का बेटा आइस ड्रग्स के साथ चढ़ा एएनटीएफ के हत्थे

चंडीगढ़: चंडीगढ़ पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नशे की सप्लाई करने आए एक युवक को सैक्टर-28 से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 10.1 ग्राम आइस बरामद हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट का बेटा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलटाना, जीरकपुर निवासी अभिषेक चंदेल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी चंडीगढ़ में नशे की सप्लाई देने आया था।

एएनटीएफ अब आरोपी के नशा नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी नशा कहां से लाता था और चंडीगढ़ में किन-किन लोगों को सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक अभिषेक चंडीगढ़ में आई-20 कार से नशा सप्लाई करने पहुंचा था। इसकी सूचना एएनटीएफ को पहले ही मिल गई थी। इसके बाद टीम को सैक्टर-28 और आसपास के इलाकों में तैनात किया गया। चैकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय, भागने की कोशिश की।

पुलिस ने कुछ दूरी तक पीछा कर कार को रोक लिया। पुलिस ने जब आरोपी को कार से बाहर निकालकर तलाशी ली, तो उसके पास से आइस ड्रग्स बरामद हुई। वजन करने पर 10.1 ग्राम आइस पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बी.टेक. कर रखी है और वह ऑनलाइन काम करता था। हालांकि, उसके खर्च और शौक ज्यादा थे, जिसके चलते वह नशा बेचने लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पिता आईटीबीपी में डिप्टी कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें