Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा के आयुष्मान आरोग्य केंद्र में चोरी, दो AC और पानी की मोटर ले गए चोर

August 18, 2026

मोगा के आयुष्मान आरोग्य केंद्र में चोरी, दो AC और पानी की मोटर ले गए चोर

मोगा (दलीप कुमार): थाना सिटी साउथ के अंतर्गत बगियाना स्टेडियम के निकट स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र (आम आदमी क्लीनिक) में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात चोर ताला तोड़कर दाखिल हो गए। चोर केंद्र से दो एयर कंडीशनर और एक पानी की मोटर चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना साउथ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, स्टेडियम के एक हिस्से में बने आयुष्मान आरोग्य केंद्र के मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोर अंदर घुसे। चोरों ने बाहर लगे एसी का आउटडोर यूनिट निकालने के बाद केंद्र के अंदर लगे दो एयर कंडीशनर और पानी की मोटर को उखाड़ लिया तथा सामान लेकर फरार हो गए। चोरी का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब क्लीनिक का स्टाफ केंद्र पर पहुंचा। स्टाफ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस को भी इसकी सूचना दी।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने सहित अन्य पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर यह बात भी सामने आई है कि केंद्र में तैनात डॉक्टर पिछले करीब एक सप्ताह से अनुपस्थित बताए जा रहे थे। इस संबंध में कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. रितु गुप्ता जैन ने कहा कि उन्हें न तो केंद्र में हुई चोरी की जानकारी मिली थी और न ही डॉक्टर के अनुपस्थित रहने के बारे में जानकारी थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवाकर संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी।

दो महीने पहले भी चोरी हुआ था इनवर्टर

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी इसी आयुष्मान आरोग्य केंद्र से इनवर्टर चोरी हो चुका है। उस समय केंद्र में तैनात डॉक्टर की शिकायत पर थाना साउथ सिटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसके बावजूद केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया, जिसके चलते एक बार फिर चोरी की घटना सामने आ गई। ताजा चोरी के बाद केंद्र के मुख्य दरवाजे की टूटी कुंडी को बदलने के लिए मिस्त्री को बुलाया गया।

बताया जा रहा है कि कुंडी काफी कमजोर थी और उसे साधारण औजार से भी आसानी से खोला जा सकता था। ऐसे में लगातार दूसरी बार चोरी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग से भी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें