ट्रैफिक इंचार्ज सुखमंदर सिंह सम्मानित
August 15, 2026
Traffic In-charge Sukhmander Singh Honoured : मोगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लंबे समय से ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे ट्रैफिक इंचार्ज सुखमंदर सिंह को उत्कृष्ट सेवाओं, मेहनत और ड्यूटी के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया और विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में सक्रिय सुखमंदर
सुखमंदर सिंह पिछले लंबे समय से ट्रैफिक पुलिस में अपनी ड्यूटी पूरी तन्मयता, मेहनत और लगन के साथ निभा रहे हैं। वह अपनी ड्यूटी के दौरान अधिकतर समय फील्ड में रहकर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार कार्य करते हैं। शहर में यातायात को व्यवस्थित रखने, ट्रैफिक जाम की स्थिति को नियंत्रित करने तथा आम लोगों को आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत दिलाने में उनकी सक्रिय भूमिका रहती है। उनकी कार्यशैली की खास बात यह है कि वह केवल कार्यालय तक सीमित न रहकर दिनभर फील्ड में रहकर अपनी ड्यूटी निभाते हैं। व्यस्त बाजारों, प्रमुख सड़कों और भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में मौके पर मौजूद रहकर वह यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के साथ-साथ वाहन चालकों और आम लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी करते हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान उनकी लंबे समय से चली आ रही मेहनत, लगन और ड्यूटी के प्रति समर्पण की सराहना के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों द्वारा उनकी सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई गई कि वह भविष्य में भी इसी तरह ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।सम्मान प्राप्त करने के बाद सुखविंदर सिंह ने अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपनी ड्यूटी को हमेशा जिम्मेदारी समझकर निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुविधा और शहर में सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह भविष्य में भी पूरी मेहनत और लगन के साथ अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।