Site icon Dainik Savera Times

मंत्री हरपाल चीमा के आश्वासन के बाद ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने हड़ताल वापस ली

चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि वह अगले 15 दिनों में विभाग की विभिन्न यूनियनों के साथ बैठक करके उनकी मांगों पर विचार करें और उनके नेतृत्व वाली कैबिनेट सब-कमेटी को एक ठोस रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

इस निर्देश के बाद हड़ताली परिवहन विभाग यूनियनों ने अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा की। वित्त मंत्री ने पंजाब भवन में यूनियनों के साथ लगभग दो घंटे चली बैठक के दौरान ये निर्देश जारी किए।

बैठक में परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, सचिव परिवहन वरुण रूजम, निदेशक राज्य परिवहन-सह-प्रबंध निदेशक पनबस राजीव गुप्ता और प्रबंध निदेशक पीआरटीसी बिक्रमजीत सिंह शेरगिल भी उपस्थित थे।

वित्त मंत्री के समक्ष पंजाब रोडवेज पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन (25/11) और पंजाब रोडवेज/पनबस स्टेट ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन (1/19) द्वारा विस्तृत मांगें और मुद्दे प्रस्तुत किए गए।

यूनियन नेताओं द्वारा उठाई गई मांगों और मुद्दों पर विचार करने के बाद वित्त मंत्री ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि वे विभाग स्तर के मुद्दों को जल्द से जल्द हल करें और यूनियनों के मुख्य मुद्दों के संबंध में अगले 15 दिनों में यूनियन नेताओं के साथ बैठक करें और उनके नेतृत्व में गठित कैबिनेट सब-कमेटी को एक ठोस रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि जायज मुद्दों का समाधान आसान हो सके।

वित्त मंत्री ने यूनियन नेताओं को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार दशकों से लंबित पड़े कर्मचारियों के मुद्दों को सुलझाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

वित्त मंत्री द्वारा दिए गए इन निर्देशों के मद्देनजर परिवहन विभाग यूनियनों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की।

बैठक में दोनों यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें पंजाब रोडवेज/पनबस स्टेट ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन (1/19) से राज्य अध्यक्ष हरमिंदर सिंह, राज्य महासचिव गुरमुख सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जसपाल सिंह बाजवा और राज्य कैशियर जगदीप सिंह, और पंजाब रोडवेज/पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन (25/11) से अध्यक्ष रेशम सिंह गिल, सचिव शमशेर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरकेश कुमार, बलजिंदर सिंह और जगजीत सिंह, उपाध्यक्ष हरजिंदर सिंह, संयुक्त सचिव जगतार सिंह और कैशियर रमनदीप सिंह और बलजीत सिंह शामिल थे।

ये भी पढ़ें : गले में फंसा रसगुल्ला और रूक गईं सांसे… शादी में खाना खा रहे व्यक्ति की दर्दनाक मौत 

Exit mobile version