Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

22 ग्राम हेरोइन व 171 नशीली गोलियों समेत दो गिरफ्तार

August 27, 2026

22 ग्राम हेरोइन व 171 नशीली गोलियों समेत दो गिरफ्तार Two arrested with heroin and narcotic pills : मोगा। पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत मोगा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना सिटी वन पुलिस ने रेलवे फाटक, फोकल प्वाइंट मोगा के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22 ग्राम हेरोइन और 171 नशीली गोलियां बरामद की हैं। पुलिस अधिकारी सतनाम सिंह ने बताया कि थाना सिटी वन की पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति नशीले पदार्थ लेकर क्षेत्र में घूम रहे हैं और नशे की सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेलवे फाटक, फोकल प्वाइंट के आसपास नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर उनकी तलाशी ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ब्रह्म देव पुत्र भगवान दास निवासी अर्जन कॉलोनी, मोगा तथा दीपक पुत्र सिकंदर सिंह निवासी साधां वाली बस्ती, मोगा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 22 ग्राम हेरोइन और 171 नशीली गोलियां बरामद हुईं। बरामद नशीले पदार्थ को पुलिस ने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे नशीले पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस इस मामले में नशा सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। गौरतलब है कि पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत पुलिस विभाग द्वारा नशे की तस्करी और सप्लाई पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस द्वारा नशा तस्करी के संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और नाकाबंदी की जा रही है। मोगा पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें