Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

सलेमपुर में घग्गर की सफाई के नाम पर हंगामा, पंचायत ने रोकी पोकलेन मशीनें

February 15, 2026

सलेमपुर में घग्गर की सफाई के नाम पर हंगामा, पंचायत ने रोकी पोकलेन मशीनें

राजपुरा: राजपुरा के नजदीकी गांव सलेमपुर में घग्गर नदी की सफाई के नाम पर खनन करने की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब गांव की पंचायत और भारी संख्या में एकत्र हुए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर चल रही पोकलेन मशीनों को घेर लिया। पंचायत ने प्रशासन और खनन विभाग पर सीधे तौर पर रेत माफिया को फायदा पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत को बिना किसी सूचना दिए रातों-रात नदी के भीतर खुदाई के लिए निशान लगा दिए गए और दो बड़ी पोकलेन मशीनें उतार दी गईं।

हैरानी की बात यह है कि जिस जमीन पर खुदाई की कोशिश की जा रही थी, वह पहले ही पंचायत द्वारा ठेके पर दी जा चुकी है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब जमीन की पैमाइश (नाप-नुकस) ही नहीं हुई, तो रास्ता बनाने और निशान लगाने का क्या औचित्य है? हंगामे की सूचना मिलने के बाद खनन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन वे पंचायत के सवालों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

पंचायत ने अधिकारियों को घेरते हुए तीखे सवाल पूछे: यदि यह सरकारी कार्य है, तो माइनिंग अलॉटमैंट टैंडर के दस्तावेज कहां हैं? बिना किसी लिखित प्रस्ताव या नक्शे के मशीनें नदी के भीतर कैसे दाखिल हुईं? यदि पैमाइश नहीं हुई, तो निशान किस आधार पर लगाए गए? सुबह से शाम हो गई, लेकिन अधिकारी रिकॉर्ड रूम से दस्तावेज क्यों नहीं ला सके?

दूसरी ओर, खनन विभाग के एसडीओ राजिंदर ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि वहां कोई अवैध खनन नहीं किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि यह कार्य नदी के बहाव को दुरुस्त करने के लिए सफाई अभियान का हिस्सा था और सब कुछ नियमों के अनुसार किया जा रहा है। ग्रामीणों के कड़े विरोध और अधिकारियों के पास दस्तावेज न होने के कारण फिलहाल काम बंद करवा दिया गया है। पंचायत ने चेतावनी दी है कि जब तक पूरा रिकॉर्ड और कागजी सबूत पेश नहीं किए जाते, वे नदी में मशीनें नहीं चलने देंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें