
चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों की खस्ताहाल बिल्डिंग को गिराकर नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाए, नये बनने वाले भवन ना सिर्फ आकर्षक हों, साथ ही यह वर्टिकल रूप में हों। बाकी जगह का इस्तेमाल बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड के रूप में हो। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के बाद प्रदेश के किसी भी खस्ताहाल बिल्डिंग में बच्चों की कक्षा न लगे, उन्हें आस—पास के सरकारी भवन या दूसरे स्कूलों में तब तक शिफ्ट किया जाए, जब तक नये भवन का निर्माण नहीं हो जाता।
इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को हरियाणा निवास में सीएमजीजीए तथा वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ यशपाल, एसपीडी स्वप्निल रविंद्र पाटिल, मुख्यमंत्री के ओएसडी राजेश संधू, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (CMGGA) भी उपस्थित थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) ने प्रदेश के अलग अलग स्कूलों तथा जल परियोजनाओं का अवलोकन करने के बाद अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में उपलब्ध साइंस लैब, कंप्यूटर लैब तथा अन्य सुविधाएं बच्चों को सुचारू रूप से मिलनी चाहिए।