पंजाब डेस्क: राजपुरा के पास दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बता दें कि बीते देर रात माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक वॉल्वो बस आगे चल रहे ट्राले से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। इनमें से छह की हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
बस में सवार थे करीब 42 श्रद्धालु
मृतक चालक की पहचान फिरोजपुर निवासी इंद्रजीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बस में करीब 42 श्रद्धालु सवार थे, जो दिल्ली से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। हादसा राजपुरा के समीप पतारसी कलां गांव के पास हुआ।
मौके पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर बेहद जोरदार थी, जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
सूचना मिलते ही डीएसपी, थाना प्रभारी और थाना मूलेपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें…
पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सीधे ट्राले से जा भिड़ी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

