Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

फरीदकोट में वोटर एनरोलमेंट ड्राइव, छात्रों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए किया जागरूक

August 27, 2026

फरीदकोट में वोटर एनरोलमेंट ड्राइव, छात्रों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए किया जागरूक

फरीदकोट: पंजाब में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत फरीदकोट जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में उच्च शिक्षा विभाग, पंजाब के दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकारी बृजिंदरा कॉलेज, फरीदकोट में छात्रों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक करने के लिए वोटर एनरोलमेंट ड्राइव आयोजित की गई।

कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के कल्पना चावला ब्लॉक स्थित सेमिनार हॉल में किया गया।

ऑनलाइन फॉर्म भरने की दी जानकारी

जिला चुनाव कार्यालय, फरीदकोट की तकनीकी टीम ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों को संबंधित फॉर्म ऑनलाइन भरने, नाम की जांच करने और जरूरी सुधार करवाने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

इसके साथ ही SIR के तहत चल रहे नोटिस चरण तथा दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।

फॉर्म जमा नहीं करने पर जारी हो सकता है नोटिस

अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं की ओर से आवश्यक फॉर्म जमा नहीं करवाए जाएंगे, उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सकते हैं। ऐसे मतदाताओं को 3 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक चलने वाले नोटिस चरण के दौरान नोटिस जारी किए जाएंगे।

इसके बाद संबंधित मतदाताओं को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। जरूरत पड़ने पर उनसे संबंधित दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं।

छात्रों से नाम की जांच करने की अपील

अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें। यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी जानकारी में संशोधन की जरूरत है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन जमा करें।

युवाओं को लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।

29 अगस्त और 5 सितंबर को भी होगी ड्राइव

जिला चुनाव कार्यालय के अनुसार विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए वोटर एनरोलमेंट ड्राइव का आयोजन 29 अगस्त 2026 और 5 सितंबर 2026 को भी सरकारी बृजिंदरा कॉलेज के कल्पना चावला ब्लॉक स्थित सेमिनार हॉल में किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर सुधार ट्रस्ट फरीदकोट के चेयरमैन गगनदीप सिंह धालीवाल, जिला चुनाव तहसीलदार पूनम सिद्धू, कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. पूजा भल्ला, प्रोफेसर नरेंद्रजीत बराड़, जिला चुनाव कार्यालय के प्रोग्रामर विशाल पाराशर सहित कॉलेज के विद्यार्थी मौजूद रहे।

📍 Location: Faridkot (Faridkot)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें