
मोगा: पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम को जन आंदोलन बनाने और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से मोगा जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। इसके तहत जिले के नशा प्रभावित 20 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में 4 और 5 नवंबर को विभिन्न खेल मुकाबले करवाए जाएंगे। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को खेल मैदानों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को निखारने और गांवों में स्वस्थ खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक माहौल उपलब्ध करवाना भी जरूरी है। खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और आगे बढ़ने का जज्बा पैदा करते हैं। इसी उद्देश्य से 60 दिवसीय विशेष अभियान के तहत इन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान का उद्देश्य नशे की सप्लाई और बिक्री पर रोक लगाने के साथ-साथ इसकी मांग को कम करना तथा युवाओं को इस बुराई से बचाना भी है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अभिभावकों, पंचायतों, युवा क्लबों, खेल संस्थाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे प्रतियोगिताओं में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
इन गांवों में होंगे खेल मुकाबले
जिला खेल अधिकारी नवदीप जिंदल ने बताया कि 4 नवंबर को कोट ईसे खां क्षेत्र के नूरपुर हकीमां और मदारपुर में क्रिकेट, मोगा के घल्ल कलां में एथलेटिक्स, पत्तो हीरा सिंह और माणूके में कबड्डी, बाघापुराना के घोलिया कलां में कबड्डी तथा राजेआणा में फुटबॉल मुकाबले करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 5 नवंबर को धर्मकोट और कोट ईसे खां क्षेत्र में वॉलीबॉल एवं क्रिकेट, मोगा के दौलतपुरा में बैडमिंटन, निहाल सिंह वाला क्षेत्र के रामा और गगड़ा में कबड्डी तथा मदारपुर में वॉलीबॉल मुकाबले करवाए जाएंगे। इसके अलावा घल्ल कलां में एथलेटिक्स, पत्तो हीरा सिंह, माणूके और घोलिया कलां में कबड्डी तथा राजेआणा में फुटबॉल मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे। कोट ईसे खां के चूहड़चक में भी वॉलीबॉल मैच करवाए जाएंगे।
जिला प्रशासन का मानना है कि खेल गतिविधियों के जरिए युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलेंगे और वे सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर समाज में नशा मुक्त वातावरण बनाने में अहम भूमिका निभा सकेंगे।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...