Dense Fog Alert in Punjab : पंजाब और चंडीगढ़ में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आने वाले दिनों के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि शुक्रवार से कोहरे की तीव्रता बढ़नी शुरू होगी और यह स्थिति कम से कम 14 दिसंबर तक बनी रह सकती है। इस अवधि के दौरान सुबह और देर शाम के समय विजिबिलिटी बेहद कम होने की संभावना है, जिससे आम जनजीवन व यातायात दोनों प्रभावित होंगे।
इन 9 जिलों पर पड़ेगा सबसे ज़्यादा असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद यह औसत स्तर के करीब पहुँच गया है। इसके बावजूद, घने कोहरे के सक्रिय होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। विभाग ने विशेष रूप से 9 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में कोहरे की परत सबसे ज्यादा घनी रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तरी भारत के पहाड़ी राज्यों में मौसम में बदलाव आएगा, जिसका अप्रत्यक्ष प्रभाव मैदानों पर भी देखा जाएगा। पंजाब में अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन कोहरा लगातार छाया रह सकता है। कई स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है, जिससे सड़क मार्गों पर आवाजाही चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
यातायात विभाग ने लोगों को दी सलाह
यातायात विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह यात्रा करते समय वाहन की स्पीड नियंत्रित रखें और फॉग लाइट का उपयोग करें। कोहरे की वजह से एयरपोर्ट और रेलवे सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम अपडेट पर नजर रखें और सावधानी बरतते हुए यात्रा की योजना बनाएं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...