Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update: पंजाब में बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update

Punjab Weather Update: पंजाब में आज मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज के लिए न तो बारिश और न ही हीटवेव को लेकर कोई चेतावनी जारी की है। हालांकि, 11 मई से प्रदेश में मौसम करवट लेने वाला है। अगले तीन दिनों के दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने इस बदलाव को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन अभी भी यह सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। बठिंडा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे

फिलहाल पंजाब के सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। पटियाला और रूपनगर में तापमान में सबसे अधिक बढ़ोतरी देखी गई। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्शाता है। वहीं अमृतसर में 35.5 डिग्री, लुधियाना में 35.2 डिग्री और पटियाला में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

इसके अलावा पठानकोट में 36 डिग्री, फरीदकोट में 36.5 डिग्री, गुरदासपुर में 35 डिग्री और मोहाली में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फाजिल्का में 37 डिग्री, फिरोजपुर में 36.8 डिग्री, होशियारपुर में 34.1 डिग्री और रूपनगर में 35.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ेगा

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है, जिसका असर आने वाले दिनों में पंजाब और आसपास के इलाकों में देखने को मिलेगा। वर्तमान में पूर्वी बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि पाकिस्तान और राजस्थान से जुड़ी ऊपरी हवा प्रणाली मध्य राजस्थान तक पहुंच चुकी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि 10 मई की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है, जिससे पंजाब के मौसम में बदलाव आएगा।

ये भी पढ़ें…

11 से 14 मई तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना

चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक, 11 से 14 मई के बीच पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं बारिश के बाद कुछ इलाकों में लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version