Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

बुड्ढा दरिया प्रदूषण के लिए जिम्मेदारों पर पी.पी.सी.बी. क्या कर रहा कार्रवाई, निकाय मंत्री ने मांगी डेली रिपोर्ट

January 27, 2025

बुड्ढा दरिया प्रदूषण के लिए जिम्मेदारों पर पी.पी.सी.बी. क्या कर रहा कार्रवाई, निकाय मंत्री ने मांगी डेली रिपोर्ट

लुधियाना: पी.पी.सी.बी. की सिफारिश पर डिफाल्टर्स के बिजली कनैक्शन काटने की कार्रवाई में अब आपसी सांठ-गांठ से विलंब नहीं होगा क्योंकि अनियमितताएं बरतने वालों पर तुरंत कार्रवाई करवाने के लिए स्थानीय निकाय विभाग के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह स्वयं पावरकॉम के साथ तालमेल बनाएंगे।

दरअसल, बुड्ढा दरिया में प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई में विभागीय कार्रवाई की सुस्त रफ्तार से स्थानीय निकाय मंत्री डा. रवजोत सिंह शनिवार को लुधियाना दौरे पर अधिकारियों के रवैये से नाराज दिखाई दिए। उन्होंने पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (पी.पी.सी.बी.) के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बुड्ढा दरिया प्रदूषित करने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई, इसकी उन्हें डेली रिपोर्ट भेजी जाए। बता दें कि स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह का एक महीने के भीतर लुधियाना में शनिवार को चौथा
दौरा था।

निकाय मंत्री ने गौघाट के निकट पर्यावरण प्रेमी एवं राज्यसभा मैंबर संत बलवीर सिंह सीचेवाल के नेतृत्व में बनवाए गए पंपिंग स्टेशन वाली जगह पर नगर निगम और पी.पी.सी.बी. अफसरों के साथ मीटिंग की। राज्यसभा मैंबर ने बुड्ढा दरिया में आ रहे डेयरियों के डिस्चार्ज के मुद्दे पर बेहद चिंता जताई, जिस पर स्थानीय निकाय मंत्री ने नगर निगम और पी.पी.सी.बी. के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है कि उन्होंने डिफाल्टरों के खिलाफ कहां और क्या कार्रवाई की?

पी.पी.सी.बी. के चीफ इंजीनियर आर.के. रत्तड़ा ने दावा किया है कि उन्होंने डिफाल्टर्स के बिजली कनैक्शन काटने की सिफारिश बोर्ड के चेयरमैन से की है। रंगे-हाथ नियम तोड़ते पकड़े जाने वाले डिफाल्टर्स पर तुरंत एक्शन न होने पर निकाय मंत्री ने सवाल उठाया तो अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पावर कॉम के स्तर पर कनैक्शन काटने की कार्रवाई में विलंब कर दिया जाता है। अधिकारियों के इस जवाब पर निकाय मंत्री ने उनसे डेली रिपोर्ट मांगी। निकाय मंत्री ने दावा किया है कि बुड्ढा दरिया में प्रदूषण की वजह बन रहे डिफाल्टर्स पर तुरंत कार्रवाई के लिए वे स्वयं पावर कॉम के अधिकारियों पर दबाव बनाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें