Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

धरना देने जोन-डी पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने की तोड़-फोड़, पुलिस हिरासत में लिए गए करीब आधा दर्जन लोग

May 27, 2025

धरना देने जोन-डी पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने की तोड़-फोड़, पुलिस हिरासत में लिए गए करीब आधा दर्जन लोग

लुधियाना: नगर निगम जोन-डी सोमवार की सुबह जंग का मैदान बन गया। नगर निगम में मुलाजिमों की भर्ती के लिए ठेका प्रथा का विरोध जताने के लिए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने जोन-डी कार्यालय पर ताले लगाकर अपना गुस्सा जाहिर करना था लेकिन प्रदर्शनकारियों में शामिल कुछ लोगों ने हुड़दंग मचाते हुए तोड़-फोड़ कर डाली। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे विक्की सहोता समेत करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों को थाना डिवीजन नंबर 5 में ले जाया गया है। नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने जोन-डी में तोड़-फोड़ करने वालों पर एफ.आई.आर. दर्ज करवाने की हिदायत अपने अधिकारियों को दी है।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ के पंजाब प्रधान विक्की सहोता व अन्य ने पिछले हफ्ते नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंप ठेका प्रथा का विरोध किया था। ठेका प्रथा बंद करवाने के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया गया था। अल्टीमेटम खत्म होने पर सोमवार सुबह 10:30 बजे धरनाकारी नगर निगम जोन-डी पहुंच गए। उन्होंने अपना रोष जाहिर करने के लिए ताला लगाना चाहा लेकिन पहले से ही दफ्तर के मेन गेट पर मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने उन्हें चुनाव आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए प्रदर्शन न करने की सलाह दी परंतु प्रदर्शनकारी टस से मस न हुए। उन्होंने मेन गेट पर नारेबाजी शुरू कर दी। जोनल कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों भी धरना खत्म करवाने के लिए भीड़ के बीच पहुंच गए। धरनाकारियों में शामिल कुछ शरारती लोगों ने हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया।

जसदेव सेखों ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो वह उनके साथ भी उलझ गए। हुड़दंग मचाते हुए उन्होंने जबरी नगर निगम दफ्तर के अंदर जाने का प्रयास किया। उन्होंने मेन गेट के शीशे तोड़ दिए। सरकारी प्रॉपर्टी को नुक्सान होता देख पुलिस कर्मियों को भी सख्ती करनी पड़ी। उन्होंने भीड़ को वापस बाहर धकेल दिया। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की के दौरान पुलिस मुलाजिमों और प्रदर्शनकारियों को चोटें भी आई हैं। नगर निगम के डी.एस.पी. राज कुमार चौधरी भी मौके पर पहुंचे और थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस को मौके पर बुलाया। थाना पुलिस ने विक्की सहोता समेत आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।

ये भी पढ़ें- क्या 1 अप्रैल से आम जनता को लगेगा महंगाई का झटका? LPG दाम को लेकर आया बड़ा अपडेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें