
चंडीगढ़ : पंजाब में मौजूदा हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। गुरदासपुर जिले में आज रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक पूर्ण ब्लैकआउट लागू रहेगा। जिले के डिप्टी कमिश्नर (DC) द्वारा जारी आदेशों के मुताबिक, इस दौरान किसी भी प्रकार की रोशनी जलाने की अनुमति नहीं होगी। यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद कड़े कदम
भारत द्वारा हाल ही में किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान से सटी पंजाब की सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गुरदासपुर के साथ-साथ अन्य सीमावर्ती जिलों -पठानकोट, फिरोजपुर, अमृतसर, फाजिल्का और तरनतारन में भी सतर्कता बरती जा रही है। इन इलाकों में स्कूलों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आगामी आदेशों तक छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
राजस्थान की सीमा पर भी सुरक्षा चौकसी
पंजाब ही नहीं, राजस्थान के बॉर्डर से लगे बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश जारी हुआ है। सुरक्षा बलों की तैनाती को और मजबूत किया गया है।

मेडिकल और पुलिस स्टाफ की छुट्टियां रद्द
चंडीगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने अपने समस्त चिकित्साकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। सभी कर्मचारियों को 24 घंटे ड्यूटी के लिए तैयार रहने का आदेश दिया गया है। इसी तरह पंजाब पुलिस ने भी अपने समस्त स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और सभी अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है।
जनता से सहयोग की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग करने की अपील की है। खासतौर पर ब्लैकआउट के दौरान किसी भी प्रकार की रोशनी, मोबाइल फ्लैश या गाड़ियों की हेडलाइट्स का उपयोग न करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...